साइक्लिंग में भारत ने जीता स्वर्ण पदक

गुवाहाटी/शिलांग, 08 फरवरी (जनसमा)। गुवाहाटी और शिलांग में 12वें दक्षिण एशियाई खेलों के तहत आयोजित हो रही प्रतियोगिताओं के चौथे दिन साइक्लिंग की 40 किलोमीटर प्रतियोगिता में टीम इंडिया ने स्वर्ण पदक जीत लिया है। टीम इंडिया ने 59 मिनट 23 सेकेंड में यह दूरी तय की, जबकि रजत पदक जीतने वाली श्रीलंका की टीम ने यह दूरी 01 घंटे 02 मिनट और 07 सेकेंड में पूरी की। पाकिस्तानी टीम को कांस्य पदक मिला।

साइक्लिंग में भारतीय टीम में बिद्यालक्ष्‍मी तोरंगबाम, रूतुजा सतपुते, मनीषा जी और चौबा देवी क्‍लांगबाम ने अपने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

इस प्रतियोगिता में पाकिस्तान की तरफ से साहिबा बीबी, रशीदा मुनीर, रजिया शब्बीर और फिजा रियाज ने भाग लिया जबकि श्रीलंका की टीम का प्रतिनिधित्व किया उदेशनी निरंजनी कुमारसिंघे, लसान्‍थी कृष्णा गुनाथीलका होराथल पेडिगे, श्रीयालथा विक्रमसिंघे उदागेडेरा दुरयालगे और सुदरिका प्रियदर्शिनी पथथापेरूमा अराचचिगे ने।

गुवाहाटी और शिलांग में 12वें दक्षिण एशियाई खेलों के तहत आयोजित हो रही प्रतियोगिताओं को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं। खेल प्रतियोगिता के टिकटों की भारी मांग है।

12वें दक्षिण एशियाई खेल के चौथे दिन भारत 45 स्वर्ण पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। श्रीलंका ने 11 स्वर्ण पदकों पर कब्जा जमाया जबकि पाकिस्तान ने 4 स्वर्ण जीत कर तीसरे स्थान पर जगह बनाई हुई है। श्रीलंका के तैराक मैथ्यू अबेसिंघे ने आज दो स्वर्ण पदकों पर कब्जा जमाया।