‘सिंहस्थ कुंभ महापर्व’ की तीसरी पेशवाई में नागा साधु रहे आकर्षण का केन्द्र

भोपाल, 11 अप्रैल (जनसमा)। मध्यप्रदेश के उज्जैन में चल रहे विश्व प्रसिद्ध ‘सिंहस्थ कुंभ महापर्व-2016’ में तीसरी पेशवाई सोमवार सुबह चारधाम से प्रारम्भ हुई। श्री निरंजनी आखाड़ा पंचायती की चार धाम से प्रारम्भ हुई इस भव्य पेशवाई में सबसे आगे ध्वजा लिये श्री महन्त चल रहे थे। उनके पीछे चाँदी की पालकी में अखाड़े के इष्टदेव विराजित थे। उसके बाद उत्साहपूर्वक अस्त्र-शस्त्र का करतब दिखाते हुए नागा सन्यासी चल रहे थे।

पेशवाई में अस्त्र-शस्त्र का करतब दिखाते हुए नागा सन्यासी  चल रहे थे। साथ ही 50 सफेद घोडों पर सवार नागा साधु सभी के आकर्षण का केन्द्र रहे। पेशवाई में 10 हाथी, 8 ऊंट, 50 घोड़े एवं 25 बैंड शामिल हुए। पेशवाई के दौरान वायुयान द्वारा पुष्प वर्षा भी की गई।

तीसरी पेशवाई में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी धर्मपत्नी साधना सिंह के साथ चार धाम मंदिर पहुँचकर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष नरेन्द्रगिरिजी, महामण्डलेश्वर श्री पुण्यानंदगिरिजी एवं श्री शांतिस्वरूपानंद तथा अन्य उपस्थित महामण्डलेश्वर, श्री महन्त एवं विभिन्न अखाड़ों के प्रतिनिधियों से भेंटकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

चौहान ने कहा कि भगवान श्री महाकाल एवं साधु-संतों के आशीर्वाद से महाकुंभ सफल होगा। सिंहस्थ के माध्यम से भारतीय संस्कृति और आध्यात्म को पूरी दुनिया देखेगी। इस महापर्व से हम भारतीय संस्कृति, इतिहास एवं सनातन परम्परा से दुनिया को रू-ब-रू करवायेंगे। चौहान ने सिंहस्थ की सफलता के लिये सभी साधु-संतों से आशीर्वाद की कामना की।

महामण्डलेश्वर श्री शांतिस्वरूपानंद जी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ में जो कार्य करवाये हैं वह अदभुत और अविस्मणीय है। उन्होंने इसके लिये मुख्यमंत्री को धन्यवाद भी दिया। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्री नरेन्द्रगिरिजी ने पेशवाई का इतिहास, परम्परा एवं महत्व पर प्रकाश डाला।

रथ पर क्रमश: महामण्डलेश्वर श्री पुण्यानंदजी, महामण्डलेश्वर बालकानंदजी, श्री सोमेश्वरानंद जी, जगदीशानंदजी, शांतिस्वरूपानंद गिरि, महामण्डलेश्वर गुरू माँ आनंदमयी पुरी, सोमेश्वरानंद सरस्वती, स्वामी महेश्वरानंद गिरि, श्री हरिओमइ गिरि, स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती, स्वामी प्रेमानंदपुरी जी, श्री ललितानंद गिरि, श्री अनंतानंद गिरि, श्री महन्त नित्यानंद गिरि, स्वामी विष्णु योगानंदजी सहित 50 से अधिक महामण्डलेश्वर और श्री महन्त पेशवाई के साथ रथ पर सवार होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद स्वरूप उपहार भेंट कर रहे थे। मार्ग के दोनों ओर लाखों श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर पेशवाई में शामिल महामण्डलेश्वर, श्री महन्तों और नागा सन्यासियों पर पुष्प वर्षा आशीर्वाद प्राप्त किया।

सदी के दूसरे महाकुंभ सिंहस्थ 2016 की इस तीसरी विशाल पेशवाई में जहाँ नागा सन्यासियों ने उत्साह से भाग लिया। हर-हर महादेव एवं जय महाकाल के उदघोष के साथ जहाँ पूरा पेशवाई मार्ग और उज्जैन शहर धर्ममय नजर आ रहा था वहीं पेशवाई में राधा-कृष्ण, ब्रह्मा, विष्णु और महेश की वेशभूषा में शामिल कलाकार भी आकर्षण के केन्द्र थे।