सिंहस्थ मेला क्षेत्र में 10 हजार क्विंटल आटा उपलब्ध

भोपाल, 12 अप्रैल। मध्यप्रदेश के उज्जैन में 22 अप्रैल से 21 मई तक होने वाले सिंहस्थ के लिये खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा खाद्यान्न वितरण शुरू कर दिया गया है। साधु-संतों को रियायती दरों पर शक्कर, चावल, गेहूँ का आटा तथा रसोई गैस सिलेण्डर उपलब्ध करवाये जा रहे हैं। सिंहस्थ मेला क्षेत्र में 40 उचित मूल्य दुकान संचालित हो रही हैं। इन दुकानों पर पर्याप्त मात्रा में सामग्री भण्डारित की गयी है। पहले चरण में खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा 10 हजार क्विंटल गेहूँ पिसवाया गया है। गेहूँ पिसवाने की व्यवस्था पीथमपुर में की गयी है। सिंहस्थ मेला अवधि में 60 हजार मीट्रिक टन गेहूँ का आटा उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गयी है।

उज्जैन में अभी 2 हजार मीट्रिक टन चावल और 1000 मीट्रिक टन शक्कर सिंहस्थ मेला क्षेत्र में भण्डारित की गयी है। साधु-संतों को 14.2 किलोग्राम रसोई गैस के प्रत्येक सिलेण्डर पर 100 रुपये सब्सिडी दी जा रही है। सब्सिडी लेने के लिये बैंक खाता नम्बर और पासबुक की फोटोकॉपी उपलब्ध करवाना होगी। मेला क्षेत्र में अब तक 2000 रसोई गैस सिलेण्डर का उठाव हो चुका है।

सिंहस्थ मेला क्षेत्र में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा 2000 राशन-कार्ड बनाये जा चुके हैं। विभाग द्वारा निरंतर राशन-कार्ड बनान का काम किया जा रहा है। सिंहस्थ के 13 अखाड़ों के लिये बनाये गये राशन-कार्डों में अधिकतम 5-5 हजार सदस्यों की संख्या दर्ज की गयी है। अन्य पंडालों के लिये बनाये गये राशन कार्डों में कम से कम 50 से लेकर अधिकतम 2 से 3 हजार तक की सदस्य संख्या सामने आयी है। विभाग द्वारा भूखण्डों पर जाकर इसका सत्यापन किया जा रहा है। इसके बाद ही राशन-कार्ड बनाये जा रहे हैं। यह जरूर देखा जा रहा है कि पंडाल लगा है या नहीं।

सिंहस्थ के दौरान उज्जैन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुँचेंगे। श्रद्धालुओं को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सके, इसके लिये 16 स्थान से परिवहन रूट निर्धारित कर लिये गये हैं। सार्वजनिक वाहन निर्धारित स्टॉपेज पर 2 मिनट रुकेंगे। सार्वजनिक परिवहन के रूट का जन-हित में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ को देखते हुए रतलाम से उज्जैन मार्ग के लिये 7 स्पेशल ट्रेन चलेंगी। इस मार्ग पर पूर्व से 14 ट्रेन चल रही हैं। अंतिम शाही स्नान के दिन रेलवे ने रतलाम में 9 और विशेष ट्रेन चलाने की व्यवस्था की है। यात्रियों की सुविधा के लिये रतलाम रेलवे स्टेशन पर व्यापक इंतजाम भी किये गये हैं।