हिमाचल के परिवहन बेड़े में और विस्तार किया जा रहा है: बाली

शिमला, 05 फरवरी। हिमाचल प्रदेश के परिवहन मंत्री जी.एस. बाली ने कहा कि प्रदेश में लोगों की सुविधा के लिये परिवहन बेड़े में और विस्तार किया जा रहा है, साथ ही भरोसेमन्द एवं सुरक्षित यातायात सुनिश्चित बनाने के निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम शीघ्र ही 300 नई बसें खरीदेगा। इसके अतिरिक्त, 16 अत्याधुनिक लग्ज़री बसें भी खरीदी जाएंगी। इन बसों की खरीद की प्रक्रिया आरम्भ कर दी गई है। परिवहन मंत्री आज यहां एचआरटीसी की बस खरीद समिति की अध्यक्षता कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि पथ परिवहन निगम द्वारा चलाई जा रही वोल्वो लग्ज़री बसों की गुणवत्ता संतोषजनक है तथा ये बसें काफी आरामदेह एवं सुरक्षित हैं और प्रदेश में इनकी मांग बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि 16 नई लग्ज़री बसों की खरीद से प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं अन्य प्रदेशों की राजधानियों को लग्ज़री बस सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य है। इससे प्रदेश में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वोल्वो का फलीट बढ़ाकर 50 किया जाएगा, इससे यात्रियों को सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित होगा।

बाली ने कहा कि 300 नई बसें 30, 37 एवं 47 सीटों की होंगी और इनमें कम सीटों की छोटी बसों को प्रदेश के दूर-दराज़ एवं कठिन क्षेत्रों में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान खरीदी गई बसें अत्याधुनिक तकनीक युक्त एवं काफी सुविधाजनक हैं तथा  दुर्घटनाओं के ग्राफ में भी कमी आई है।

उन्होंने कहा कि जेएनयूआरएम के अन्तर्गत खरीदी गई बसें प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में यात्रिओं को बेहतर एवं संतोषजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध करवा रही हैं। उन्होंने नई खरीदी जाने वाली बसों में आरामदायी सीटें एवं सात एमएम से अधिक की फ्रेम थिकनेस सुनिश्चित बनाने के अधिकारियों को निर्देश दिये।

परिवहन मंत्री ने समिति के सदस्यों को निर्देश दिये कि वेट लीज़ की बसों को चलाने के लिये हिमाचल पथ परिवहन निगम के चालकों की व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे हर कीमत पर सुनिश्चित बनाया जाना चाहिए। उन्होंने बस चालक प्रशिक्षण स्कूलों में पुरानी वोल्वो बस उपलब्ध करवाने की बात भी कही।