BJP government in Arunachal Pradesh and SKM government in Sikkim

अरुणाचल प्रदेश में भाजपा और सिक्किम में एसकेएम की सरकार

नई दिल्ली, 02 जून। दो पूर्वोत्तर राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के लिए आज हुई मतगणना में अरुणाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी और सिक्किम में सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) की जीत हुई है।

अरुणाचल प्रदेश की 60 सीटों और सिक्किम की 32 सीटों के लिए 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण के साथ ही मतदान हुआ था। दोनों विधानसभाओं का कार्यकाल आज समाप्त हो रहा है।

अरुणाचल प्रदेश में, भाजपा ने पहले ही राज्य विधानसभा चुनावों में 10 सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल कर ली थी। इनमें प्रमुख नेता हैं मुख्यमंत्री पेमा खांडू और उपमुख्यमंत्री चौना मीन। शेष 50 सीटों के लिए आज घोषित परिणामों में, भाजपा ने 36, नेशनल पीपुल्स पार्टी ने पांच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और निर्दलीय ने तीन-तीन, पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल ने दो, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने एक सीट जीती।

भाजपा के कुछ प्रमुख विजेताओं में पूर्व केंद्रीय मंत्री निनॉन्ग एरिंग, पार्टी नेता डॉ. महेश चाई, ताई निकियो, होमचुन नगामदम, वांगलिंग लोवांगडोंग, त्सेरिंग लामू और चकत अबो शामिल हैं।

इन चुनावों में भाजपा को कुछ झटके भी लगे। दोईमुख विधानसभा सीट पर पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल के उम्मीदवार नबाम विवेक ने मौजूदा भाजपा विधायक ताना हाली तारा को हराया। इसी तरह, मेबो निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार और मौजूदा विधायक पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल के उम्मीदवार ओकेन तायेंग से हार गए।

सिक्किम
सिक्किम में, सभी 32 सीटों के लिए घोषित परिणामों में से, सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) ने 31 सीटें जीती हैं। सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) केवल एक सीट जीतने में सफल रहा।

राज्य के निवर्तमान मुख्यमंत्री और एसकेएम अध्यक्ष प्रेम सिंह तमांग ने रेनॉक और सोरेंग चाकुंग दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से जीत हासिल की है।

एसकेएम उम्मीदवार और राज्य विधानसभा अध्यक्ष अरुण कुमार उप्रेती ने अरिथांग सीट से जीत हासिल की। एसडीएफ उम्मीदवार तेनजिंग नोरबू लाम्था ने श्यारी निर्वाचन क्षेत्र से एसकेएम के कुंगा नीमा लेप्चा पर जीत दर्ज की। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री और एसडीएफ अध्यक्ष पवन कुमार चामलिंग पोकलोक कामरंग और नामचेयबुंग दोनों सीटों से हार गए।