Shivraj Singh Chauhan

नवी मुंबई में ‘मध्यालोक’ विभिन्न गतिविधियों का केन्द्र बनेगा

नवी मुंबई, 29 मई (जनसमा)। नवी मुंबई  में मध्यप्रदेश भवन ‘मध्यालोक’ का उपयोग मध्यप्रदेश शासन के अतिथियों तथा विभिन्न-गतिविधियों के लिये किया जायेगा।

नवी मुंबई वाशी के सेक्टर 30 ए, में मध्यप्रेदश शासन के अतिथि गृह का निर्माण कार्य लगभग पूरा होने जा रहा है। इससे मुंबई में मध्यप्रदेश के अतिथियों, जन-प्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा इलाज के लिये आने वाले मरीजों के लिये आवास तथा विश्राम की संपूर्ण व्यवस्था हो सकेगी। मध्यालोक का निर्माण सितम्बर 2013 में शुरू किया गया था। इसका कुल क्षेत्रफल 3879 वर्ग मीटर है तथा इसमें लगभग 30 कक्ष रहेंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि भवन निर्माण पूरा होने के पश्चात मुंबई स्थित मध्यप्रदेश शासन के सभी कार्यालय जैसे मध्यप्रदेश सूचना केन्द्र, मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम, मध्यप्रेदश हस्तशिल्प विकास निगम का एम्पोरियम, मध्यालोक में समाहित किये जायेंगे। मध्यप्रदेश से संबद्ध सभी जानकारी एक ही जगह उपलब्ध हो सकेगी। इससे मध्यप्रदेश के सभी कार्यालयों में आपस में बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा, जिसका लाभ शासन के साथ आम-जन को भी प्राप्त हो सकेगा।