NDA government at the centre will work together with state governments

केंद्र की NDA सरकार राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम करेगी

नई दिल्ली, 04 जून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मंगलवार को लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार को मिले स्पष्ट जनादेश के उपलक्ष्य में पार्टी केंद्रीय कार्यालय विस्तार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भरोसा दिलाया कि केंद्र की NDA सरकार, सभी राज्य सरकारों के साथ, चाहें वो किसी भी दल की क्यों ना हों, मिलकर काम करेगी।

मोदी ने कहा कि तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी की संख्या दोगुनी हो गई है। मध्यप्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल जैसे कई राज्यों में भाजपा ने लगभग क्लीन स्वीप किया है। मैं इन सभी राज्यों, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम विधानसभा के मतदाताओं का भी विशेष आभार व्यक्त करता हूं। आंध्र प्रदेश में चंद्र बाबू नायडू के नेतृत्व में और बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए ने शानदार प्रदर्शन किया है। केन्द्र सरकार इन राज्यों के विकास के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य के लिए हम खूब मेहनत करेंगे, जमकर मेहनत करेंगे, हमारे पास रुकने का, थमने का समय नहीं है। ये राष्ट्रनीति के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने का समय है।

मोदी ने कहा “मैं देशभर के सभी दलों, सभी उम्मीदवारों का भी अभिनंदन करता हूं। सभी की सक्रिय भागीदारी के बिना लोकतंत्र की ये विराट सफलता संभव नहीं थी। भाजपा के, NDA के हर कार्यकर्ता साथी को भी मेरा आभार!”

प्रधानमंत्री ने कहा “आज की ये विजय दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है। ये भारत के संविधान पर अटूट निष्ठा की जीत है। ये विकसित भारत के प्रण की जीत है। ये सबका साथ – सबका विकास के मंत्र की जीत है। ये 140 करोड़ भारतीयों की जीत है।”

मोदी ने कहा कि चुनाव आयोग ने लगभग 100 करोड़ मतदाताओं, 11 लाख पोलिग स्टेशनों, 1.5 करोड़ मतदान कर्मियों और 55 लाख वोटिंग मशीनों के साथ विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के चुनाव को इतनी प्रचंड गर्मी में कुशलता से संपन्न किया है। भारत की चुनावी प्रक्रिया और इस चुनावी प्रक्रिया की प्रमाणिकता पर हर भारतीय को गर्व है।

मोदी बोले “जम्मू कश्मीर के मतदाताओं ने इस चुनाव रिकॉर्ड तोड़ मतदान कर जबर्दस्त उत्साह का प्रदर्शन किया है और विश्व में भारत की चुनावी प्रक्रिया को बदनाम करने वालों को आइना दिखाया है। मैं देश के मतदाताओं और जनता जनार्दन को विजय के इस पावन पर्व पर आदरपूर्वक नमन करता हूं। मैं देशभर के सभी दलों और उम्मीदवारों का भी अभिनंदन करता हूं। सभी की सक्रिय भागीदारी के बिना लोकतंत्र के ये विराट सफलता संभव नहीं थी। मैं भाजपा एवं एनडीए के हर कार्यकर्ता साथी को भी धन्यवाद करता हूं।”