पुर्तगाल के प्रधानमंत्री कोस्टा व अमेरिकी राजनयिक बिस्वाल को प्रवासी पुरस्कार

बेंगलुरु, 9 जनवरी| भारतीय मूल के पुर्तगाल के प्रधानमंत्री एंटोनियो लुइस सैंटोज डा कोस्टा और भारत में जन्मीं अमेरिकी राजनयिक निशा देसाई बिस्वाल उन 30 लोगों में शामिल हैं जिन्हें प्रवासी भारतीय दिवस (पीबीडी) पुरस्कार प्रदान किया गया। इसकी घोषणा सोमवार को की गई। विदेश मंत्रालय ने पीबीडी के विदाई दिवस पर यहां एक बयान में कहा, “कोस्टा, निशा और अन्य प्रवासियों को लोक सेवा, सामुदायिक सेवा, सामाजिक सेवा, व्यवसाय, शिक्षा और कला एवं संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रवासी भारतीय दिवस 2017 पुरस्कार प्रदान किया गया है।”

तीन दिवसीय 14वें पीबीडी के कोस्टा (55) मुख्य अतिथि थे। वह गोवा निवासी ओर्लाडा डा कोस्टा के पुत्र हैं।

गुजराती मूल की वरिष्ठ भारतीय अमेरिकी राजनयिक 48 वर्षीय बिस्वाल बांग्लादेश से उजबेकिस्तान तक कुल 11 देशों के अमेरिकी विदेश नीति एवं संबंध को 21 अक्टूबर 2013 से ही देख रही हैं।

कोस्टा और बिस्वाल को लोक सेवा एवं लोक मामलों के लिए पुरस्कृत किया गया है।

बिस्वाल के साथ पांच अन्य अमेरिकी जिन्हें सम्मानित किया गया है उनमें हरि बाबू बिंदाल को पर्यावरण अभियंत्रण, भरत हरिदास बाराई, महेश मेहता और रमेश शाह को सामुदायिक सेवा और संपत कुमार शिद्रमापा शिवांगी को सामुदायिक नेतृत्व के लिए यह सम्मान मिला है।

ब्रिटेन की प्रीति पटेल और नीना गिल को जन सेवा के लिए पुरस्कृत किया गया।

वासुदेव शामदास शर्राफ और संयुक्त अरब अमीरात में अबू धाबी के इंडियन स्कूल एंड कल्चरल सेंटर को सामुदायिक सेवा और मानव-सौहार्द के लिए यह पुरस्कार दिया गया।

दो और संगठन अंतवेर्प इंडियन एसोसिएशन इन बेल्जियम और सिंगापुर में सिंगापुर इंडियन एसोसिएशन इन सिंगापुर को सामुदायिक सेवा के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

सामुदायिक सेवा के लिए पुरस्कार पाने वाले अन्य लोग हैं- गोरुर कृष्ण हरिनाथ(आस्ट्रेलिया), नसीर अहमद मुहम्मद जैकिरिया(ब्रुनेई), नलिनकुमार सुमनलाल कोठारी (जिबूती) और अरिफुल इस्लाम (लीबिया)।

लोक सेवा के लिए पुरस्कृत हुए अन्य दो लोग हैं प्रविंद कुमार जुगुनाथ (मारीशस) और विंस्टन चंदरभान दूकेरन (त्रिनिदाद एवं टोबैगो)।

रघुनाथ मारी एंटोनिन मानेट (फ्रांस) और संदीप कुमार टैगोर (जापान) को यह पुरस्कार कला और संस्कृति के लिए प्रदान किया गया है।

मुकुंद भीखुभाई पुरोहित (कनाडा), सुशील कुमार सर्राफ (थाईलैंड) को व्यवसाय, विनोद चंद्र पटेल (फीजी) को सामाजिक सेवा, लाएल एनसोन ई बेस्ट (आयरलैंड) को चिकित्सा विज्ञान, तान श्री दातो मुनियांडी थांबीराजा (मलेशिया) को शिक्षा एवं सामुदायिक सेवा, राघवन सीतारमन (कतर) को व्यापार प्रबंधन, जीनत मुसर्रत जाफरी (सऊदी अरब) को शिक्षा एवं करानी बालारमन संजीवी (स्वीडन) को औषधि के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया गया है।

–आईएएनएस