Severe heat wave conditions to continue in north India including Delhi

दिल्ली सहित उत्तर भारत में गंभीर लू की स्थिति जारी रहेगी

नई दिल्ली, 18 जून। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत के कई हिस्सों में लू से लेकर गंभीर लू की स्थिति जारी रहने की संभावना है और उसके बाद उत्तर-पश्चिम भारत की ओर पश्चिमी विक्षोभ के आने के कारण धीरे-धीरे इसमें कमी आएगी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को चेतावनी दी है कि दिल्ली के कुछ हिस्सों में 46 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने के कारण ‘भीषण’ लू जारी रहेगी।

मौसम विभाग ने जम्मू, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी लू की स्थिति का पूर्वानुमान लगाया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, उत्तरी मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू से लेकर गंभीर लू की स्थिति बनी रही।

उत्तर-पश्चिम राजस्थान, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म रात से लेकर अत्यधिक गर्म रात की स्थिति देखी गई ।

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री सेल्सियस के बीच था और यह क्षेत्र में सामान्य से 5-8 डिग्री सेल्सियस अधिक था। देश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस प्रयागराज (पूर्वी उत्तर प्रदेश) में दर्ज किया गया।

मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 2 दिनों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और असम-मेघालय में भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है।